
पारदर्शी विकास ब्यूरो / कुशीनगर कुशीनगर। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में जिलाधिकारी संजय चौहान ने शुक्रवार को ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की फर्स्ट लेवल चेकिंग (एफएलसी) कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच की प्रक्रिया का जायजा लेते हुए मौके पर मौजूद अधिकारियों एवं तकनीकी कार्मिकों से कार्य की प्रगति और व्यवस्थाओं की जानकारी ली।जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि एफएलसी का कार्य भारत निर्वाचन आयोग की ओर से निर्धारित दिशा-निर्देशों और मानकों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता एवं सतर्कता के साथ संपन्न कराया जाए। उन्होंने कहा कि ईवीएम और वीवीपैट की जांच के दौरान निर्धारित प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन किया जाए, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी हो सकें।उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जांच कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के साथ निर्वाचन संबंधी तैयारियों को व्यवस्थित रखा जाए।निरीक्षण के दौरान सहायक निर्वाचन अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी एवं एफएलसी कार्य में लगे तकनीकी कार्मिक मौजूद रहे।