
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। मंधना-अनवरगंज एलिवेटेड रेलवे ट्रैक, कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे और गोलचौराहा से रामा देवी तक प्रस्तावित एलिवेटेड रोड का शिलान्यास और उद्घाटन फिलहाल टल गया है। 25 मई को प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियां रेलवे, पीडब्ल्यूडी और जिला प्रशासन द्वारा शुरू कर दी गई थीं, लेकिन अब कार्यक्रम की नई तारीख तय नहीं हो सकी है। जानकारी के अनुसार, केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी की व्यस्तता के चलते कार्यक्रम आगे बढ़ा दिया गया है। अब संभावना जताई जा रही है कि कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे के लोकार्पण के साथ ही प्रधानमंत्री द्वारा शहर की कई बड़ी परियोजनाओं का एक साथ शिलान्यास किया जा सकता है। सांसद रमेश अवस्थी ने बताया कि एलिवेटेड रेलवे ट्रैक, रामा देवी तक प्रस्तावित एलिवेटेड मार्ग, रिंग रोड और एक्सप्रेसवे जैसी परियोजनाओं को एक साथ जोड़कर भव्य कार्यक्रम आयोजित करने की योजना पर विचार किया जा रहा है और इसके लिए प्रधानमंत्री कार्यालय से समय मांगा गया है।पूर्वोत्तर रेलवे की मंधना-अनवरगंज एलिवेटेड ट्रैक परियोजना करीब 15.51 किलोमीटर लंबी है, जिसकी अनुमानित लागत लगभग 1115 करोड़ रुपये है। इस परियोजना का ठेका राजस्थान की इंफ्रा बिल्ड प्रोजेक्ट कंपनी को दिया गया है। निर्माण कार्य के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया कई गांवों में पूरी की जा चुकी है, जबकि कुछ अतिरिक्त भूमि की मांग भी की गई है।इस परियोजना के पूरा होने पर जीटी रोड पर रेलवे क्रॉसिंग से लगने वाले जाम से राहत मिलने के साथ ही ट्रेनों के संचालन में भी सुधार होने की उम्मीद है।