
PARDARSHI VIKASH NEWS ज्येष्ठ माह के अंतिम बड़े मंगल पर प्रयागराज में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत माहौल देखने को मिला। शहर के प्रमुख हनुमान मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और दर्शन-पूजन का सिलसिला देर तक चलता रहा। संगम तट स्थित प्रसिद्ध बड़े हनुमान मंदिर में विशेष धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया, जहां महंत बलबीर गिरी ने पंचद्रव्य से भगवान का अभिषेक और स्नान कराया। इसके बाद आम, सेब, संतरा, अनार और केले समेत विभिन्न फलों से बजरंगबली का भव्य श्रृंगार किया गया। मंदिर परिसर को सुगंधित फूलों से सजाया गया और विशेष आरती के बाद श्रद्धालुओं के लिए कपाट खोल दिए गए। हजारों भक्तों ने बजरंगबली के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर में हनुमान चालीसा और सुंदरकांड के सामूहिक पाठ से वातावरण भक्तिमय बना रहा। बड़े मंगल के अवसर पर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भंडारों का आयोजन किया गया, जहां श्रद्धालुओं को प्रसाद और शीतल पेय वितरित किए गए। भीषण गर्मी के बावजूद आस्था का उत्साह चरम पर रहा और पूरा शहर जय श्रीराम तथा जय बजरंगबली के जयघोष से गूंज उठा।