
पारदर्शी विकास न्यूज़ झांसी। बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी में लॉ स्टूडेंट्स और सिक्योरिटी गार्ड्स के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि गार्ड्स ने छात्रों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा और छात्राओं से भी अभद्रता की। घटना के विरोध में छात्र यूनिवर्सिटी के मुख्य गेट पर धरने पर बैठ गए और नारेबाजी करने लगे। बताया गया कि लॉ के छठे सेमेस्टर का पेपर खत्म होने के बाद कुछ छात्र अपने मोबाइल लेने के लिए परीक्षा केंद्र के बाहर खड़े थे। इसी दौरान गार्ड्स ने उन्हें वहां से हटाने की कोशिश की, जिस पर विवाद बढ़ गया। छात्रों का आरोप है कि 8 से 10 गार्ड्स ने मिलकर छात्रों के साथ मारपीट की।छात्रा बुशरा शेख और अन्य छात्रों ने बताया कि उन्होंने गार्ड्स को पूरी स्थिति समझाने की कोशिश की, लेकिन गार्ड्स अभद्रता करने लगे। छात्रों ने घटना के वीडियो भी बनाए, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।हंगामे की सूचना पर पुलिस और केंद्राधीक्षक मौके पर पहुंचे। बाद में रजिस्ट्रार ज्ञानेंद्र कुमार ने छात्रों से बातचीत की और जांच के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के आश्वासन के बाद छात्रों का धरना समाप्त हुआ।