
PARDARSHI VIKASH NEWS कानपुर देहात में बदलते मौसम के कारण बीमारियों का प्रकोप बढ़ गया है। रात में ठंडक और दिन में तेज धूप लोगों के स्वास्थ्य पर असर डाल रही है। इसका प्रभाव जिला अस्पताल में साफ दिखाई दे रहा है, जहां प्रतिदिन 1100 से 1200 मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं।इन दिनों मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। रात के समय हल्की ठंडक रहती है, जबकि दिन में तेज धूप और गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। मौसम में बदलाव के कारण बुखार, वायरल संक्रमण, पेट दर्द, उल्टी-दस्त और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं।कानपुर देहात मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। सुबह से ही पर्चा बनवाने से लेकर डॉक्टरों को दिखाने तक लंबी कतारें लग रही हैं, जिससे मरीजों और तीमारदारों को परेशानी हो रही है।चिकित्सा अधिकारी डॉ. एपी सिंह ने लोगों को मौसम में सावधानी बरतने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि शरीर में पानी की कमी न होने दें और प्रतिदिन पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं। संभव हो तो पानी को उबालकर ठंडा करने के बाद ही इस्तेमाल करें।उन्होंने हरी सब्जियों का सेवन करने और उन्हें अच्छी तरह धोकर खाने की सलाह दी, ताकि संक्रमण से बचाव हो सके। साथ ही तेज धूप में अनावश्यक रूप से निकलने से बचने और स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर तुरंत डॉक्टर से सलाह लेने की अपील की।