
PARDARSHI VIKASH NEWS शुक्रवार सुबह से मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आया। शहर में सुबह से घने बादल छाए रहे और कई इलाकों में बादलों की गर्जना सुनाई दी। मौसम में आए बदलाव के कारण तापमान में करीब 4 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली।हल्की ठंडी हवाओं के चलते मौसम सुहावना बना हुआ है और लोग घरों से बाहर निकलकर इसका आनंद लेते दिखाई दिए। फिलहाल शहर का तापमान करीब 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। गुरुवार शाम से ही आसमान में बादल छाने लगे थे, जिसके बाद देर रात तेज आंधी चली। मौसम विभाग ने पहले ही गरज-चमक और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया था।भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार शुक्रवार को आगरा का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। विभाग ने अगले कुछ दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव बने रहने की संभावना जताई है। इस दौरान बादल छाने, गरज-चमक और हल्की बारिश होने के आसार हैं।मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के असर से अगले तीन से चार दिनों तक तापमान में गिरावट बनी रह सकती है। हालांकि जून की शुरुआत में एक बार फिर गर्मी बढ़ने के संकेत हैं। पिछले एक सप्ताह में आगरा का तापमान 42 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जिससे लोग तेज गर्मी और लू से परेशान थे।