
समस्या की जानकारी है, जल्द मिलेगी राहत : महापौर
जगनायक प्रधान
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। शहर में विकास और बेहतर व्यवस्थाओं के दावों के बीच नौबस्ता के बसंत विहार क्षेत्र में जलभराव की समस्या लगातार बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मामूली बारिश में भी नाले ओवरफ्लो हो जाते हैं और गंदा पानी सड़कों से लेकर घरों तक पहुंच जाता है। हर वर्ष बरसात के मौसम में क्षेत्रवासियों को इसी समस्या का सामना करना पड़ता है। क्षेत्रीय पार्षद कंचन शुक्ला ने बताया कि बसंत विहार निचले इलाके में स्थित है, जिसके कारण यहां जल निकासी एक बड़ी चुनौती बनी हुई है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में स्थायी समाधान के लिए सैम्पवेल का निर्माण आवश्यक है। इस संबंध में नगर आयुक्त और महापौर को भी अवगत कराया जा चुका है।पारदर्शी विकास न्यूज़ ने जब इस समस्या को लेकर महापौर प्रमिला पांडेय से फोन पर बात की तो उन्होंने कहा कि वह बसंत विहार की जलभराव समस्या से पूरी तरह अवगत हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही इसके निराकरण की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।महापौर प्रमिला पांडेय ने कहा कि बरसात को देखते हुए नगर निगम द्वारा नाला-नाली सफाई अभियान तेजी से चलाया जा रहा है। सभी विभागों को समयबद्ध तरीके से सफाई कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही नालों से निकाली गई सिल्ट को चार से पांच दिन के भीतर हटाने के लिए कहा गया है, ताकि लोगों को परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि जलभराव की समस्या को कम करना नगर निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है।नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय के अनुसार शहर के 220 बड़े नालों में से 67 की सफाई पूरी हो चुकी है, जबकि 153 नालों पर कार्य जारी है। इसे एक सप्ताह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं 1485 छोटे नाले-नालियों में से 961 की सफाई पूरी हो चुकी है, 97 स्थानों पर काम चल रहा है और 427 नाले-नालियों की सफाई शेष है।नगर निगम का दावा है कि अगले 15 दिनों में शेष कार्य पूरा कर जलभराव की समस्या को कम किया जाएगा, जबकि बसंत विहार के निवासी सैम्पवेल निर्माण को इस समस्या का स्थायी समाधान मानते हुए इसकी मांग लगातार उठा रहे हैं।
पारदर्शी विकास न्यूज़ से क्या बोलीं महापौर
पारदर्शी विकास न्यूज़ ने जब इस समस्या को लेकर महापौर प्रमिला पांडेय से फोन पर बात की तो उन्होंने कहा कि वह बसंत विहार की जलभराव समस्या से पूरी तरह अवगत हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही इसके निराकरण की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।

वसंत विहार क्षेत्र में लगातार जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान केवल सैम्पवेल के निर्माण से ही संभव है। वसंत विहार निचले क्षेत्र में स्थित है, जिसके कारण नालों का पानी पूरी तरह नहीं निकल पाता। जब मुख्य नालों का जलस्तर धीरे-धीरे कम होता है, तभी क्षेत्र का पानी बाहर निकल पाता है। यही वजह है कि मामूली बारिश में भी वसंत विहार जलमग्न हो जाता है और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। समस्या के समाधान के लिए नगर आयुक्त और महापौर को भी अवगत कराया जा चुका है। क्षेत्रवासियों को जलभराव से राहत दिलाने के लिए सैम्पवेल का निर्माण बेहद जरूरी है और इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं - पार्षद कंचन शुक्ला