
एक सप्ताह में बड़े नालों की सफाई पूरी करने के निर्देश
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। बरसात के मौसम को देखते हुए नगर निगम ने नाला-नाली सफाई अभियान में तेजी ला दी है। मंगलवार को नगर निगम मुख्यालय में महापौर प्रमिला पांडेय और नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय की संयुक्त अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें सफाई कार्यों की प्रगति का जायजा लिया गया।बैठक में बताया गया कि शहर के छह जोनों में कुल 220 बड़े नालों की सफाई कराई जानी है। इनमें से 67 नालों की सफाई पूरी हो चुकी है, जबकि शेष नालों पर कार्य जारी है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि सभी बड़े नालों की सफाई एक सप्ताह के भीतर पूरी कर ली जाएगी।स्वास्थ्य विभाग की ओर से बताया गया कि एक मीटर से कम चौड़ाई वाले 1485 नाले-नालियों में से 961 की सफाई पूरी हो चुकी है। 97 स्थानों पर कार्य प्रगति पर है, जबकि 427 नाले-नालियों की सफाई शेष है। विभाग ने अगले 15 दिनों में शेष कार्य पूरा करने का दावा किया।महापौर ने निर्देश दिए कि सफाई के बाद निकाली गई सिल्ट को चार से पांच दिनों के भीतर हटाया जाए, ताकि लोगों को परेशानी न हो और बारिश के दौरान सिल्ट दोबारा नालों में न पहुंचे। बैठक में नगर निगम की भूमि पर अवैध कब्जे हटाकर वहां हाट-बाजार विकसित करने तथा आगामी मोहर्रम और जगन्नाथ रथ यात्रा के मार्गों की मरम्मत व व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के भी निर्देश दिए गए।