
पारदर्शी विकाश न्यूज़ वाराणसी । रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार बनारस रेल इंजन कारखाना में 15 मई 2026 से 5 जून 2026 तक “विश्व पर्यावरण दिवस अभियान-2026” उत्साहपूर्वक मनाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, जलवायु संतुलन, हरित विकास तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ भविष्य के प्रति जन-जागरूकता उत्पन्न करना है।इसी क्रम में आज बरेका पश्चिमी स्वास्थ्य केंद्र, परिसर में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ बरेका के महाप्रबंधक आशुतोष पंत द्वारा पौधरोपण कर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए सभी से अधिकाधिक वृक्षारोपण करने एवं प्रकृति के संरक्षण हेतु सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में ही सहायक नहीं हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ व स्वस्थ जीवन प्रदान करने का आधार भी हैं। “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान प्रकृति, मातृत्व एवं संवेदनशीलता को जोड़ने वाला एक प्रेरणादायी प्रयास है, जो समाज को पर्यावरण के प्रति भावनात्मक रूप से जोड़ने का कार्य करता है।