
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। आशियाना थाना क्षेत्र में पुलिस ने चेकिंग के दौरान हरियाणा नंबर की एक मॉडिफाइड BMW कार की डिक्की से 26 लाख रुपये नकद बरामद किए। कार पर "Insured by Mafia" और "You Hit Me, We Hit You" जैसे स्टीकर लगे थे। इसके पास यूपी विधानसभा पास लगी एक स्कॉर्पियो भी खड़ी थी। पुलिस ने दोनों वाहनों को सीज कर तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।शुक्रवार रात किला चौकी क्षेत्र में सोशल पॉइंट रेस्टोरेंट के बाहर संदिग्ध हालत में खड़ी दोनों गाड़ियों की तलाशी ली गई। BMW की डिक्की में बने लॉकर से 500-500 रुपये के नोटों की 52 गड्डियां, कुल 26 लाख रुपये बरामद हुए। मौके पर मौजूद युवक नकदी से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या संतोषजनक जवाब नहीं दे सके, जिसके बाद आयकर विभाग की टीम को भी मौके पर बुलाया गया।हिरासत में लिए गए युवकों की पहचान शिवांशु पांडेय, रोचमन वर्मा और रचित ठाकुर उर्फ अथर्व के रूप में हुई है। पूछताछ में उन्होंने गाड़ियां किराये पर लेने की बात कही। पुलिस के अनुसार, BMW बिना नंबर प्लेट की मॉडिफाइड कार थी, जबकि स्कॉर्पियो पर विधानसभा का पास लगा मिला। मामले की जांच जारी है और नकदी के स्रोत का पता लगाया जा रहा है।