
पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर। ईद-उल-अजहा की खुशियों के बीच जनपद के पडरौना नगर क्षेत्र स्थित बसहिया बनवीरपुर गांव में उस समय मातम पसर गया, जब गांव के सम्मानित, परहेज़गार और रूहानी इल्म के जानकार हाजी हैदर अली का आकस्मिक इंतकाल हो गया। बकरईद के पहले दिन बृहस्पतिवार की रात परिवार के बीच उन्होंने अंतिम सांस ली और अपने प्रियजनों को हमेशा के लिए अलविदा कह गए।हाजी हैदर अली के निधन की खबर फैलते ही गांव समेत पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। ईद जैसे खुशियों के पर्व पर यह दुखद समाचार लोगों के लिए किसी बड़े सदमे से कम नहीं था। अपने सादगीपूर्ण जीवन, नेक व्यवहार और जरूरतमंदों की मदद के लिए पहचाने जाने वाले हाजी साहब समाज में एक सम्मानित शख्सियत थे। उनके दरवाजे से कोई भी जरूरतमंद खाली हाथ नहीं लौटता था, यही वजह रही कि उनके निधन की खबर सुनकर हर वर्ग के लोगों की आंखें नम हो गईं।