
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी । पुलिस टीम ने 'ऑपरेशन चक्रव्यूह' के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने सुलतानपुर में बकरी व्यापारियों से हुई लूट के मामले में तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से लूटे गए 66 बकरे, 2 भेड़ें, 2.04 लाख रुपये नकद और अवैध हथियार बरामद किए गए हैं।पुलिस अधीक्षक सरवणन टी के निर्देश पर अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे इस अभियान के तहत, प्रभारी निरीक्षक मुसाफिरखाना विवेक कुमार सिंह और थाना भाले सुल्तान शहीद स्मारक के प्रभारी निरीक्षक अजयेन्द्र पटेल की संयुक्त टीम संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी।बीती देर रात मुखबिर से सूचना मिली कि 27 मई की रात चांदा, सुलतानपुर में बकरी व्यापारियों से लूट करने वाले बदमाश बिना नंबर की स्विफ्ट कार और बकरी लदी महिन्द्रा पिकअप से मठाभुसुण्डा जंगल की ओर से लखनऊ-सुलतानपुर हाइवे की तरफ आ रहे हैं। इस सूचना पर पुलिस ने नाकाबंदी की।पुलिस ने दोनों गाड़ियों को घेर लिया। अंधेरे का फायदा उठाकर पिकअप चालक फरार हो गया, लेकिन कार सवार तीनों बदमाश पकड़े गए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बाराबंकी जिले के थाना कोठी निवासी आशीष गोस्वामी, करन सिंह और संजय सिंह के रूप में हुई है। तीनों की उम्र 19 से 21 वर्ष के बीच है। तलाशी के दौरान, तीनों बदमाशों के पास से कुल 2 लाख 4 हजार रुपये नकद, 2 तमंचे और 3 जिंदा कारतूस 315 बोर बरामद हुए। कार की डिग्गी से यूपी 32 आरएच 6534 नंबर की प्लेट और 2 मोबाइल फोन भी मिले। पिकअप से 66 बकरे और 2 भेड़ें बरामद की गईं।पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका गिरोह रात में जानवर लदे लोडर की रेकी करता था और फिर हथियार के बल पर लूट को अंजाम देता था। वे ड्राइवर-खलासी को अगवा कर सुनसान जगह पर छोड़ देते थे। उन्होंने 26/27 मई की रात चांदा में बकरी व्यापारियों से लूट की बात कबूल की।उस रात व्यापारियों को कार में बैठाकर उनके पैसे और मोबाइल लूटे गए थे। रास्ते में उनकी कार एक बारात से टकरा गई, जिसका फायदा उठाकर व्यापारी भाग निकले थे। इस मामले में फरार चौथे आरोपी का नाम विजय यादव, निवासी डफरापुर, बाराबंकी बताया गया है। थाना चांदा, सुलतानपुर में इस घटना का मुकदमा दर्ज है और थाना भाले सुल्तान शहीद स्मारक पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।