news-details

बकरीद को लेकर प्रशासन अलर्ट

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो  कुशीनगर। महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता एवं केशव कुमार की उपस्थिति में आगामी ईदुज्जुहा/बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में धर्मगुरुओं, संभ्रांत नागरिकों एवं अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी त्योहार पारंपरिक तरीके से ही मनाए जाएं और किसी भी नई परंपरा की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने कहा कि शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता सभी पर्वों को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराना है। इसके लिए प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी पूरी सतर्कता और सक्रियता के साथ कार्य करें।बैठक के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं एवं प्रबुद्धजनों से संवेदनशील एवं विवादित स्थलों की जानकारी लेने के साथ संभावित समस्याओं पर सुझाव भी मांगे गए। जिलाधिकारी ने कहा कि त्योहारों के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी किसी भी स्थिति में न दी जाए तथा वेस्ट डिस्पोजल केवल चिन्हित स्थलों पर ही किया जाए।उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पुराने आपसी विवाद भी त्योहारों में तनाव का कारण बन सकते हैं, इसलिए ऐसे मामलों की पहले से पहचान कर सुलह-समझौते का प्रयास किया जाए। सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों एवं भड़काऊ पोस्टों पर भी प्रशासन की विशेष नजर रहेगी। जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी पोस्ट पर प्रतिक्रिया देने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य की जाए तथा अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।केशव कुमार ने कहा कि जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। संवेदनशील स्थलों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की नियमित निगरानी की जाएगी तथा पुलिस द्वारा पैदल गश्त एवं फ्लैग मार्च बढ़ाया जाएगा। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को विवाद पंजिका की समीक्षा कर संभावित विवादों का समय रहते निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वैभव मिश्रा, एडीएम न्यायिक, अपर पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारियों ने भी लोगों से शांति, भाईचारा एवं प्रशासनिक गाइडलाइन का पालन करते हुए पर्व मनाने की अपील की।इस दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए धर्मगुरुओं ने जिला प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने तथा बकरीद पर्व को आपसी सौहार्द एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने का भरोसा दिलाया। बैठक में सभी उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, थानाध्यक्ष एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।