
PARDARSHI VIKASH NEWS मथुरा पुलिस प्रशासन आगामी बकरीद (ईद-उल-अजहा) को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पूरी तरह सतर्क हो गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया कि जिले में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं।सुरक्षा व्यवस्था के तहत पूरे जिले को 4 सुपर जोन, 9 जोन और 40 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। सभी क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों और मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी लगाई गई है। संवेदनशील इलाकों की पहचान कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।कानून व्यवस्था बनाए रखने और अफवाहों पर रोक लगाने के लिए लगातार फुट पेट्रोलिंग और फ्लैग मार्च किया जा रहा है। प्रशासन द्वारा साफ-सफाई, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं को भी प्राथमिकता दी जा रही है। संबंधित विभागों को त्योहार के दौरान व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।एसएसपी श्लोक कुमार ने स्पष्ट किया कि सड़क पर किसी भी स्थिति में नमाज अदा करने की अनुमति नहीं होगी। नमाज केवल निर्धारित ईदगाहों और मस्जिदों के अंदर ही होगी। लाउडस्पीकर के उपयोग को लेकर सुप्रीम कोर्ट के निर्धारित मानकों का सख्ती से पालन कराया जाएगा।पूरे जिले में ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी रखी जाएगी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी पुलिस की विशेष नजर रहेगी। भ्रामक, भड़काऊ या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की है।