
फर्रुखाबाद। नवाबगंज नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड नंबर 3 स्थित अब्दुल कलाम आजाद नगर में नगला नया प्राथमिक विद्यालय का अतिरिक्त कक्ष निर्माण कार्य समय सीमा बीतने के बाद भी अधूरा पड़ा है। बजट स्वीकृत होने के बावजूद निर्माण कार्य लटकने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है और विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
जानकारी के अनुसार अतिरिक्त कक्ष निर्माण का कार्य पिछले वर्ष नवंबर माह में शुरू हुआ था। इसकी निर्धारित समय सीमा 25 दिसंबर तय की गई थी, लेकिन कई महीने गुजर जाने के बाद भी निर्माण पूरा नहीं हो सका। इससे छात्रों और शिक्षकों को कक्षाओं के संचालन में परेशानी उठानी पड़ रही है।
विद्यालय के इस अतिरिक्त कक्ष के लिए सरकार द्वारा 9.27 लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। इसके बावजूद कार्य में देरी होने से नगर पंचायत की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय निवासी रजनेश शाक्य, अश्वनी शाक्य, दीपक शाक्य, विक्रांत शाक्य, राम सिंह और पवन कुमार ने निर्माण में लापरवाही का आरोप लगाया है।
नागरिकों का कहना है कि समय पर कार्य पूरा न होने से लागत बढ़ने की आशंका है और बच्चों की पढ़ाई पर भी असर पड़ रहा है। लोगों ने सवाल उठाया कि एक छोटे से अतिरिक्त कक्ष के निर्माण में आधा साल क्यों लग रहा है और ठेकेदार पर कार्रवाई क्यों नहीं की गई।
इस मामले में नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल कुमार राजपूत ने कहा कि संभवतः बजट संबंधी कारणों से कार्य रुका होगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि निर्माण कार्य जल्द दोबारा शुरू कराकर पूरा कराया जाएगा।