
देहरादून वीडियो मामले में 'लव जिहाद' के आरोप पर शिकायत
सुल्तानपुर। जयसिंहपुर क्षेत्र में देहरादून के एक कथित वायरल वीडियो को लेकर बजरंग दल ने मोर्चा खोल दिया है। संगठन ने शुक्रवार को पुलिस और स्थानीय प्रशासन से लिखित शिकायत दर्ज कराई है। बजरंग दल का आरोप है कि इस मामले में क्षेत्र के दो युवक संलिप्त हैं।
बजरंग दल के जिला संयोजक प्रांजल सिंह ने जयसिंहपुर के प्रभारी निरीक्षक को एक लिखित प्रार्थना पत्र सौंपा है। इसमें आरोप लगाया गया है कि हाल ही में देहरादून में एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। आरोप के मुताबिक, जयसिंहपुर क्षेत्र के निवासी मोहम्मद कैफ और मोहम्मद ऐश पुत्र शौकत अली देहरादून के एक होटल में एक हिंदू युवती के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पाए गए थे, जहां कथित तौर पर आपत्तिजनक वीडियो बनाने की बात कही जा रही है।
शिकायत पत्र में कहा गया है कि देहरादून में बजरंग दल के पदाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर इन युवकों को पकड़ा था। दावा किया जा रहा है कि पकड़े गए युवकों के मोबाइल फोन से कई हिंदू युवतियों की आपत्तिजनक तस्वीरें, वीडियो और अन्य सामग्री बरामद हुई है। प्रांजल सिंह ने आरोप लगाया कि ये युवक कलावा बांधकर और अपनी पहचान छिपाकर हिंदू युवतियों को भ्रमित कर रहे थे। संगठन ने इसे धर्मांतरण और 'लव जिहाद' की साजिश बताते हुए गहरा आक्रोश व्यक्त किया है।
इस मामले में पुलिसिया कार्रवाई में कथित ढिलाई को लेकर बजरंग दल ने अब प्रशासनिक रुख भी कड़ा कर लिया है। संगठन के जिला सह-संयोजक यशदीप दुबे ने जयसिंहपुर के उपजिलाधिकारी (SDM) और तहसीलदार को एक अनुस्मारक पत्र सौंपा है। इस पत्र में बताया गया है कि बजरंग दल द्वारा इससे पहले 13 जून को भी शिकायत दी गई थी। संगठन ने प्रशासन से सवाल किया है कि उस शिकायत पर अब तक क्या कार्रवाई की गई है और यदि कार्रवाई नहीं हुई है, तो कितने कार्यदिवसों के भीतर ठोस कदम उठाए जाएंगे, इसकी जानकारी सार्वजनिक की जाए।