
PARDARSHI VIKASH NEWS बिहार के भोजपुर में पुलिस एनकाउंटर में मारे गए भरत तिवारी की तेरहवीं पर बड़े स्तर पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन में करीब 25 हजार लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई है, जबकि अतिरिक्त 15 हजार लोगों के लिए राशन का भी इंतजाम रखा गया है। गांव के आसपास बड़े टेंट, कुर्सियां, पलंग, कूलर और पंखों की व्यवस्था की गई है। बिहार, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों से लोगों के पहुंचने की संभावना है।इस बीच, भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई से इनकार करते हुए याचिकाकर्ता को हाईकोर्ट जाने की सलाह दी है।भरत की मां आशा देवी ने एनकाउंटर में शामिल पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि उनके बेटे को अब तक न्याय नहीं मिला है। वहीं छोटे भाई चंदन तिवारी ने कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर भरोसा है और यदि सरकार स्मारक नहीं बनाएगी तो परिवार और ग्रामीण स्वयं भरत की याद में स्मारक बनवाएंगे। श्रद्धांजलि सभा में शामिल लोग भी मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।