
पारदर्शी विकास न्यूज़ मथुरा
जिला जज विकास कुमार ने एक दिल दहला देने वाले मामले में आरोपी उमेश को फांसी की सजा सुनाई है। अदालत ने उस पर 1.30 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है। मामला ‘रेयरेस्ट ऑफ रेयर’ की श्रेणी में रखा गया। घटना 11 मार्च 2025 की है। हरियाणा के पलवल निवासी उमेश अपनी रिश्ते की बहन के घर फरह थाना क्षेत्र में पहुंचा था। आरोप है कि वह महिला के वेश में घर में घुसा और दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर उसने पीड़िता पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी।महिला की चीख सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से झुलस चुकी थी। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं आरोपी उमेश भी छत से कूदकर घायल हो गया था, जिसे बाद में पुलिस ने अस्पताल से ठीक होने पर जेल भेज दिया।मृतका के पति की तहरीर पर मामला दर्ज हुआ था। अदालत ने कहा कि ऐसे जघन्य अपराध समाज के लिए अत्यंत खतरनाक हैं और इनके लिए कठोर सजा जरूरी है।