
पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर। राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत चल रहे 100 दिवसीय टीबी अभियान के तहत सोमवार को ग्राम बहादुरगंज में आयुष्मान आरोग्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच के साथ टीबी जागरूकता अभियान भी चलाया गया।कार्यक्रम में सदर विधायक मनीष जायसवाल ने लोगों से टीबी मुक्त भारत अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि हैंड हेल्ड एक्स-रे मशीन के माध्यम से छाती की जांच कराकर टीबी की समय रहते पहचान संभव है। उन्होंने लोगों से नियमित जांच और उपचार कराने का आह्वान किया।मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. चंद्रप्रकाश एवं जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. एस.एन. त्रिपाठी ने बताया कि लगातार खांसी, बुखार, कमजोरी और वजन कम होना टीबी के प्रमुख लक्षण हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत जांच करानी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा टीबी की जांच और उपचार की सुविधा पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है।शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों की हैंड हेल्ड एक्स-रे मशीन से जांच की तथा संदिग्ध मरीजों के बलगम के नमूने परीक्षण के लिए एकत्र किए। साथ ही निक्षय पोषण योजना के बारे में जानकारी दी गई, जिसके तहत टीबी मरीजों को प्रतिमाह 1000 रुपये पोषण भत्ता दिया जाता है।शिविर के सफल आयोजन में ग्राम प्रधान बृजेश यादव उर्फ भोला यादव की अहम भूमिका रही। कार्यक्रम में जिला पीपीएम समन्वयक नितेश राय, वरिष्ठ क्षय रोग पर्यवेक्षक विवेक कुमार, वरिष्ठ लैब सुपरवाइजर विशाल कुमार समेत स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।