
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। शहर इस समय भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 43.5°C रिकॉर्ड किया गया, जिससे पूरे शहर में तपिश का असर साफ दिखाई दे रहा है। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण हालात ऐसे बने हुए हैं कि 8–9 बजे के बाद ही सड़कों पर निकलना मुश्किल हो रहा है और दोपहर में शहर पूरी तरह “तंदूर” जैसा महसूस हो रहा है।गर्मी का असर केवल इंसानों तक सीमित नहीं है, बल्कि कानपुर प्राणी उद्यान (चिड़ियाघर) में भी इसका असर देखा जा रहा है। यहां जानवरों को राहत देने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। बाघों को पानी से नहलाया जा रहा है और उनके बाड़ों में कूलिंग सिस्टम व अतिरिक्त पानी की व्यवस्था की गई है ताकि उन्हें तपिश से राहत मिल सके। कई जानवर छांव की तलाश में इधर-उधर भटकते भी नजर आए।शहर में तापमान में 0.5 डिग्री की मामूली गिरावट दर्ज होने के बावजूद लोगों को कोई खास राहत नहीं मिली। सीएसए वेदर स्टेशन के अनुसार तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है और न्यूनतम तापमान भी 25.6°C रिकॉर्ड किया गया है। दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले, जबकि अधिकतर लोग गमछे और कपड़ों से चेहरा ढककर धूप से बचाव करते दिखे।मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले 24 घंटे में भी राहत की संभावना नहीं है और उत्तर-पश्चिमी हवाएं गर्मी को और बढ़ा सकती हैं। तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की आशंका जताई गई है, ऐसे में लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी गई है।