
पारदर्शी विकास न्यूज़ बांदा। भीषण गर्मी के बीच “नर सेवा नारायण सेवा” और “मानवता हमारा धर्म” के भाव को साकार करते हुए भारतीय रेड क्रास सोसाइटी, बांदा द्वारा एक सराहनीय एवं प्रेरणादायक सेवा कार्य किया गया। संस्था की ओर से पशु-पक्षियों की प्यास बुझाने के उद्देश्य से पानी के ड्रम तथा पक्षियों के लिए परईया (जलपात्र) और दाना वितरित किया गया। गर्मी के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए रेड क्रॉस सोसाइटी की यह पहल न केवल जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता का परिचायक है, बल्कि समाज में सेवा और सहयोग की भावना को भी मजबूत करने वाला कदम है।
संस्था के सचिव अमित सेठ ‘भोलू’ ने बताया कि भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी हमेशा जरूरतमंदों और मानवता की सेवा के लिए तत्पर रहती है। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ते तापमान और जल संकट को देखते हुए पशुओं और पक्षियों के लिए पानी एवं दाने की व्यवस्था करना समय की मांग थी, जिसे संस्था ने अपनी सामाजिक जिम्मेदारी समझते हुए पूरा किया।