
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। शहर इन दिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। मंगलवार सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया। सुबह का तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि दिन में पारा 42 डिग्री के पार पहुंचने की संभावना जताई गई। सोमवार को शहर का अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस महीने का सबसे अधिक तापमान रहा। वहीं एयरफोर्स स्टेशन का तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।भीषण गर्मी से बचने के लिए लोग छांव और ठंडी जगहों की तलाश करते नजर आए। दोपहर के समय कई लोगों ने कानपुर मेट्रो स्टेशन को राहत का ठिकाना बना लिया। मेट्रो स्टेशन के वेटिंग लाउंज में लोग बैठकर एसी और ठंडे वातावरण में गर्मी से राहत लेते दिखाई दिए।मौसम विभाग ने 20 मई तक लू का अलर्ट जारी किया है। मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि लगातार तापमान बढ़ रहा है और आने वाले दिनों में गर्मी और अधिक बढ़ सकती है। उन्होंने कहा कि थार मरुस्थल और राजस्थान की ओर से आने वाली गर्म हवाएं लू की स्थिति को और गंभीर बना रही हैं। लोगों को दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने की सलाह दी गई है।तेज धूप के कारण सुबह 10 बजे के बाद ही सड़कें तपने लगीं। लोग चेहरे को अंगौछे और कपड़ों से ढंककर, चश्मा और छाता लेकर घरों से निकलते नजर आए। दोपहर के समय सड़कों पर आवाजाही कम हो गई और लोग पेड़ों व इमारतों की छांव में राहत तलाशते दिखाई दिए।सीएसए वेदर स्टेशन की रिपोर्ट के अनुसार बीते 24 घंटे में अधिकतम तापमान में 1.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 2.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.8 डिग्री अधिक है।गर्मी का असर रात के मौसम पर भी साफ दिखाई दे रहा है। उमस और गर्म हवाओं के चलते लोगों को रात में भी राहत नहीं मिल रही। तापमान बढ़ने से लोगों की नींद प्रभावित हो रही है और देर रात तक गर्मी बनी रहती है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक गर्मी और लू से राहत मिलने की संभावना कम है।स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, धूप में निकलने से बचने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी है। प्रशासन की ओर से भी लोगों से सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।
लगातार तापमान बढ़ रहे हैं। आने वाले दिनों में इसी तरह से तापमान बढ़ेंगे। थार मरुस्थल व राजस्थान से आने वाली हवाएं गर्मी को बढ़ा रही हैं। यह लू वाली स्थिति को बढ़ा रही हैं। ऐसे में धूप में निकलने से बचें।-मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय