news-details

भीषण आग, किसानों का भूसा राख

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Gonda

तरबगंज विकास खंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत करनीपुर के मजरा बरियार पुरवा टेपरा में रविवार रात भीषण आग लगने से कई किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। आग की चपेट में आने से किसानों के बखार, कंडउर और भूसे के ढेर जलकर राख हो गए, जिससे ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों ने धुआं और आग की लपटें उठती देख तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक रामप्रसाद, गयाप्रसाद, श्रीराम, रामशरण, दीनानाथ और सूरज उर्फ बड़कऊ समेत कई किसानों का भूसा और उपले जल चुके थे।

अग्निकांड में पशुओं के लिए रखा चारा पूरी तरह नष्ट हो जाने से प्रभावित परिवारों के सामने बड़ी समस्या खड़ी हो गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल सहायता और मुआवजे की मांग की है।

सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। एसडीएम प्रदीप सिंह ने बताया कि नुकसान का आकलन कराया जा रहा है तथा रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेजी जाएगी, ताकि पीड़ित परिवारों को राहत दिलाई जा सके।

एसडीएम ने क्षेत्रवासियों से तेज गर्मी और लू के मौसम में सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि बीड़ी-सिगरेट पीने के बाद उसे पूरी तरह बुझाकर ही फेंकें, ताकि आग लगने जैसी घटनाओं से बचा जा सके।