
पारदर्शी विकास न्यूज़ वाराणसी। भारत विकास परिषद् के उत्तर मध्य क्षेत्र-द्वितीय के अंतर्गत काशी प्रांत की ओर से ‘भारत को जानो’ अखिल भारतीय लिखित प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। पूर्वांचल के सात जनपदों में आयोजित परीक्षा में काशी प्रांत से जुड़े विभिन्न जिलों के 39 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।काशी प्रांत की 28 शाखाओं के संयोजन में वाराणसी, आजमगढ़, जौनपुर, भदोही, मिर्जापुर और गाजीपुर समेत कई जिलों के सैकड़ों विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया। परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।प्रतियोगिता कनिष्ठ और वरिष्ठ दो वर्गों में आयोजित की गई। इसमें धर्म, संस्कृति, इतिहास, भूगोल, विज्ञान, साहित्य, संविधान और समसामयिक विषयों से जुड़े वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे गए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का चयन आगामी प्रांत स्तरीय मौखिक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा।प्रांतीय अध्यक्ष हरविंदर वालिया ने आयोजन की सफलता पर कार्यकर्ताओं और विद्यालय प्रबंधनों का आभार जताया। क्षेत्रीय महासचिव सुदीप टंडन एवं पूर्व राष्ट्रीय चेयरमैन निर्मल जोशी ने कहा कि ‘भारत को जानो’ केवल सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में भारतीय इतिहास, संस्कृति, परंपरा और राष्ट्रबोध के संस्कार विकसित करने का प्रभावी माध्यम है।प्रांतीय महासचिव डॉ. सचिन अग्रवाल ने सभी शाखाओं, संयोजकों, विद्यालय प्रबंधनों और शिक्षकों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।