
PARDARSHI VIKASH NEWS आगरा में 20 मई को प्रस्तावित भारत बंद को लेकर दवा कारोबारियों में मतभेद सामने आ गया है। ऑनलाइन फार्मेसी और डीप डिस्काउंट के विरोध में आगरा फार्मा एसोसिएशन और ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ कैमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स (AIOCD) ने मेडिकल स्टोर बंद रखने का आह्वान किया है, लेकिन कई रिटेल दवा विक्रेताओं ने इसका विरोध करते हुए अपनी दुकानें खुली रखने का ऐलान किया है। रिटेल कारोबारियों का कहना है कि बंद का फैसला होलसेल व्यापारियों का है और उन्हें ऑनलाइन बिक्री से कोई आपत्ति नहीं है। उनका कहना है कि असली समस्या अस्पतालों और क्लीनिकों के भीतर चल रहे मेडिकल स्टोर्स से है। वहीं फार्मा एसोसिएशन का आरोप है कि ई-फार्मेसी प्लेटफॉर्म नियमों की अनदेखी कर भारी छूट पर दवाएं बेच रहे हैं, जिससे छोटे कारोबारियों की आजीविका प्रभावित हो रही है। एसोसिएशन ने केंद्र सरकार से ई-फार्मेसी संबंधी अधिसूचनाएं रद्द करने और समान अवसर नीति लागू करने की मांग की है। हालांकि बंद को लेकर शहर में असमंजस की स्थिति बनी हुई है और अब नजर इस बात पर है कि भारत बंद का कितना असर दिखाई देता है।