news-details

भूमि पैमाइश के दौरान लेखपाल पर हमला

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो सलेमपुर/देवरिया। देवरिया जिले के सलेमपुर तहसील अंतर्गत खुखुंदू थाना क्षेत्र के मुसैला खुर्द गांव में भूमि पैमाइश के दौरान लेखपाल पर हमला किए जाने के मामले में पुलिस ने तीन नामजद समेत 10 से 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। घटना के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया।पुलिस के अनुसार दर्ज एफआईआर में उदय प्रताप सिंह उर्फ पिंटू सिंह, अतुल पटेल पुत्र सुदेश पटेल तथा सुदेश पटेल पुत्र सत्यनारायण पटेल को नामजद आरोपी बनाया गया है। इनके अलावा 10 से 15 अज्ञात लोगों को भी अभियुक्त बनाया गया है।जानकारी के मुताबिक भूमि विवाद के निस्तारण और पैमाइश के लिए क्षेत्रीय लेखपाल ओमप्रकाश मौर्य मुसैला खुर्द गांव पहुंचे थे। इसी दौरान पैमाइश का विरोध कर रहे पक्ष के लोगों से उनकी कहासुनी हो गई, जो बाद में विवाद में बदल गई। आरोप है कि विरोध कर रहे लोगों ने लेखपाल पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गए।घटना की सूचना मिलते ही राजस्व विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में आक्रोश फैल गया। लेखपाल की तहरीर पर खुखुंदू थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पूरे घटनाक्रम के दौरान जनपद के कई लेखपाल, सलेमपुर तहसीलदार अलका सिंह और नायब तहसीलदार हरि प्रसाद खुखुंदू थाने में मौजूद रहे। लेखपालों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।खुखुंदू थाना प्रभारी राहुल सिंह ने बताया कि मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। विवेचना के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।