news-details

भुजौली खुर्द में तेंदुए की दस्तक से दहशत

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो
खड्डा, कुशीनगर। खड्डा तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा भुजौली खुर्द में तेंदुए के दिखाई देने की सूचना से ग्रामीणों में भय और दहशत का माहौल व्याप्त हो गया है। गांव के आसपास तेंदुए के देखे जाने की खबर फैलते ही लोगों में हड़कंप मच गया और कई परिवार एहतियातन घरों के अंदर रहने को मजबूर हो गए।जानकारी के अनुसार, गांव के समीप स्थित सरेह क्षेत्र में कुछ ग्रामीणों ने एक तेंदुए को घूमते हुए देखने का दावा किया। इसके बाद तत्काल वन विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और संभावित क्षेत्रों में सघन खोज अभियान शुरू किया।वन विभाग के कर्मचारियों ने खेतों, बागों और सरेह क्षेत्र में घंटों तलाश की, लेकिन तेंदुए का कोई स्पष्ट सुराग नहीं मिल सका। इसके बावजूद विभाग ने स्थिति को गंभीरता से लेते हुए निगरानी बढ़ा दी है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है।ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुए की आशंका के चलते लोग खेतों की ओर जाने से बच रहे हैं। बच्चों और महिलाओं में विशेष रूप से डर का माहौल है। वन विभाग की टीम लगातार क्षेत्र पर नजर बनाए हुए है तथा लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध वन्यजीव की गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल विभाग को सूचना दें।वन विभाग ने ग्रामीणों को समूह में बाहर निकलने, रात के समय अनावश्यक रूप से खेतों की ओर न जाने तथा बच्चों को अकेले बाहर न भेजने की सलाह दी है। फिलहाल पूरे क्षेत्र में सतर्कता बरती जा रही है।