
पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर। जनपद के खड्डा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सभा भुजौली बुजुर्ग में विकास कार्यों की स्थिति को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। गांव की नालियां गंदगी से पट चुकी हैं और कई स्थानों पर जलभराव की समस्या बनी हुई है, जिससे लोगों को आवागमन समेत विभिन्न परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।ग्रामीणों का आरोप है कि गांव की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी एवं ग्राम पंचायत प्रशासन इस ओर गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। गांव में बनाए गए आरसीसी सेंटर भी अपने उद्देश्य को पूरा नहीं कर पा रहे हैं। प्राथमिक विद्यालय के सामने खुलेआम कूड़ा फेंके जाने से आसपास गंदगी और दुर्गंध का माहौल बना हुआ है, जिससे स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका जताई जा रही है।ग्रामीणों के अनुसार सामुदायिक शौचालय की स्थिति भी बेहद खराब है। नियमित साफ-सफाई के अभाव में उसका उपयोग करना कठिन हो गया है। वहीं पंचायत भवन समय से नहीं खुलने के कारण ग्रामीणों को अपने जरूरी कार्यों के लिए परेशान होना पड़ता है।पंचायत भवन परिसर की बाउंड्रीवाल के भीतर भी घास-फूस और गंदगी का अंबार लगा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में सफाई कर्मियों की तैनाती तो दिखाई जाती है, लेकिन जमीनी स्तर पर सफाई कार्य नहीं हो रहा है।ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से गांव की सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ कराने, नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने तथा पंचायत भवन और सामुदायिक शौचालय की व्यवस्था में सुधार कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे उच्च अधिकारियों से शिकायत कर आगे की रणनीति तय करेंगे