
PARDARSHI VIKASH NEWS अयोध्या जिले के खण्डासा थाना क्षेत्र के पूरे पांडेय बिनायकपुर गांव में शुक्रवार देर रात सांप के काटने से 32 वर्षीय बजरंगी की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, बजरंगी मिल्कीपुर विधायक चंद्रभानु पासवान के यहां आयोजित भंडारे से लौटकर घर पहुंचे थे। जैसे ही वह सोने के लिए बिस्तर की ओर बढ़े, तभी वहां मौजूद विषैले सांप ने उन्हें डस लिया। घटना के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई और परिजन तुरंत उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रूदौली लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। बजरंगी मेहनत मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी और दो मासूम बेटियां हैं, जिनमें एक की उम्र करीब तीन साल और दूसरी मात्र एक माह है। परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य की मौत से घर में मातम पसरा हुआ है। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने और गांव में एंटी स्नेक वेनम सहित जरूरी दवाओं की व्यवस्था कराने की मांग की है।