
पारदर्शी विकास ब्यूरो कसया, कुशीनगर। जन्मदिन को सामाजिक सरोकार से जोड़ने की अनूठी पहल करते हुए हाटा विकास खंड के जूनियर हाई स्कूल भठही राजा में शनिवार को ग्राम प्रधान अजय कुमार जायसवाल ने स्कूली बच्चों के बीच अपना जन्मदिन मनाया। केक काटने के साथ बच्चों में मिठाई बांटी गई और उन्हें शिक्षा के महत्व का संदेश दिया गया।ग्राम प्रधान अजय कुमार जायसवाल ने कहा कि शिक्षा ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने बच्चों से मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासित रहने और अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया। उनके संबोधन के दौरान विद्यार्थियों ने भी उत्साह के साथ सहभागिता निभाई।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा नेता संतोष सिंह ने ग्राम प्रधान को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यालय में बच्चों के बीच जन्मदिन मनाना समाज के लिए सकारात्मक और प्रेरणादायक संदेश है। ऐसे आयोजनों से बच्चों का मनोबल बढ़ता है और उनके साथ आत्मीय जुड़ाव भी मजबूत होता है।इस अवसर पर भाजपा नेता राजेश राव, प्रधानाध्यापक राजीव नयन द्विवेदी, प्रबीर राव, अमित सिंह, धीरज मिश्रा, रितेश सिंह, कुश जायसवाल सहित विद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन बच्चों में मिठाई वितरण के साथ हुआ।