
पारदर्शी विकास न्यूज़ ललितपुर। कोतवाली सदर क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में वृद्ध महिला की मौत हो गई, जबकि उसकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा उस समय हुआ जब बाइक सवार परिवार सड़क पर अचानक आई एक बच्ची को बचाने का प्रयास कर रहा था। बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई, जिससे मां-बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं। ग्राम रोड़ा निवासी 60 वर्षीय गुडडी कुशवाहा अपनी बेटी 25 वर्षीय संजना और दामाद के साथ ग्राम कदवाह से वीपीएस गांव की ओर बाइक से जा रही थीं। सोमवार दोपहर करीब एक बजे जब उनकी बाइक रोड़ा गांव के समीप पहुंची, तभी सड़क पर अचानक एक बच्ची आ गई। बच्ची को टक्कर से बचाने के लिए चालक ने तत्काल बाइक में ब्रेक लगाए, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया और बाइक सड़क पर फिसलकर गिर गई। हादसे में बाइक पर पीछे बैठी गुडडी कुशवाहा और उनकी बेटी संजना गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए दोनों घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने गुडडी कुशवाहा का उपचार शुरू किया, लेकिन उनकी हालत अत्यंत गंभीर होने के कारण इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं संजना का उपचार मेडिकल कॉलेज में जारी है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। गुडडी कुशवाहा की असमय मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। क्षेत्र के लोगों ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।