
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। फैजुल्लागंज-दाउदनगर क्षेत्र में बाढ़ प्रभावित परिवारों की समस्याएं जानने के लिए नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने शनिवार को स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभावित लोगों से मुलाकात कर उनकी परेशानियां सुनीं और राहत सामग्री वितरित की। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों को भोजन, स्वच्छ पेयजल, दवाइयां और अन्य जरूरी सामान उपलब्ध कराने में कोई कमी न रहे।निरीक्षण के दौरान मंत्री ने बाढ़ प्रभावितों के लिए बनाए गए राहत शिविरों का भी जायजा लिया। उन्होंने स्वास्थ्य शिविरों में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी लेते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम को पर्याप्त दवाइयां और बेहतर उपचार व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि बीमार लोगों को समय पर इलाज मिल सके।मंत्री ने जलभराव वाले क्षेत्रों में साफ-सफाई बनाए रखने और दूषित पानी से फैलने वाली बीमारियों की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारी क्षेत्र में सक्रिय रहकर स्थिति पर लगातार नजर रखें और प्रभावित परिवारों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करें।निरीक्षण के दौरान महापौर सुषमा खर्कवाल, नगर आयुक्त गौरव कुमार समेत नगर निगम और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।