news-details

बाढ़ आपदा से निपटने का रिहर्सल

You can share this post!

 

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो देवरिया  देवरिया सलेमपुर उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण तथा गृह मंत्रालय भारत सरकार के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को सलेमपुर नगर स्थित आर.के. अकादमी विद्यालय में राज्य स्तरीय बाढ़ आपदा मॉक एक्सरसाइज का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बाढ़ जैसी आपदा की स्थिति में विभिन्न विभागों की तत्परता, समन्वय और राहत-बचाव कार्यों की क्षमता का परीक्षण करना था।मॉक ड्रिल के दौरान एक काल्पनिक परिदृश्य तैयार किया गया, जिसमें निर्माणाधीन विद्यालय भवन में अचानक बाढ़ का पानी भर जाने से अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। घटना की सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी सलेमपुर दिशा श्रीवास्तव ने संबंधित विभागों को तत्काल अलर्ट किया। सूचना पर राजस्व, चिकित्सा, अग्निशमन एवं अन्य विभागों की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ किया।बचाव अभियान के तहत भवन के निचले हिस्से में फंसे मजदूरों एवं अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। वहीं प्रथम और द्वितीय तल पर फंसे लोगों को भी रेस्क्यू टीम ने सुरक्षित निकाला। अभ्यास के दौरान यह भी दर्शाया गया कि द्वितीय तल पर एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल एवं अचेत अवस्था में पड़ा है, जिसे बचावकर्मियों ने कंधे पर उठाकर नीचे लाया और एम्बुलेंस के माध्यम से उपचार के लिए भेजा। इसी प्रकार तृतीय तल पर फंसे एक अन्य व्यक्ति को भी सुरक्षित निकालकर प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया।कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी दिशा श्रीवास्तव, तहसीलदार अलका सिंह, नायब तहसीलदार गोपाल जी, नायब तहसीलदार भटनी हरि प्रसाद, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार मिश्र तथा उत्तर प्रदेश अग्निशमन विभाग के क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सहित चिकित्सा, राजस्व एवं अग्निशमन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।मॉक एक्सरसाइज के माध्यम से आपदा की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया, समन्वित कार्यवाही तथा जनजीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करने की तैयारियों का सफल प्रदर्शन किया गया।