
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। बंथरा थाना क्षेत्र में शनिवार को सड़क हादसे में 65 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना कानपुर रोड स्थित रमाडा होटल के सामने जुनाबगंज चौराहे की है, जहां तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार महिला को टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि डंपर चालक वाहन समेत फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।मृतका की पहचान उन्नाव जिले के असोहा थाना क्षेत्र के शाहाबाद ग्रांट, बड़ा लाल खेड़ा निवासी शिवनाथा (65) के रूप में हुई है। बताया गया कि वह अपने बेटे राजेश के साथ बाइक से घर लौट रही थीं। दोनों बंथरा के जुनाबगंज स्थित प्रसाद हॉस्पिटल में भर्ती अपनी नातिन का हालचाल जानकर वापस जा रहे थे। शाम करीब 3:45 बजे जैसे ही वे जुनाबगंज चौराहा पार कर रहे थे, पीछे से आए तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही शिवनाथा सड़क पर गिर गईं और डंपर उन्हें कुचलता हुआ निकल गया। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार चालक की तलाश में जुटी है। शिवनाथा के पति का करीब 15 वर्ष पहले निधन हो चुका था। उनके परिवार में तीन बेटे राजेश, बुधकरन और रामकरन हैं। हादसे के बाद परिवार में शोक का माहौल है।