
PARDARSHI VIKASH NEWS कानपुर देहात के राजपुर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में बंदरों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया, जिससे अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। बंदर इमरजेंसी कक्ष के रास्ते अंदर घुस गए और सीधे औषधि केंद्र तक पहुंचकर वहां रखी दवाइयों को बिखेर दिया। इस दौरान कई जरूरी और जीवन रक्षक इंजेक्शन भी टूट गए, जिससे दवाओं को भारी नुकसान हुआ।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बंदरों ने दवा की पेटियों को फाड़कर सामान बाहर फेंक दिया और अस्पताल के गेट के सामने भी अव्यवस्था फैला दी। घटना के समय स्टाफ मौजूद था, लेकिन तब तक बंदर काफी नुकसान कर चुके थे। मरीजों ने बताया कि यदि औषधि केंद्र और अन्य हिस्सों में उचित दरवाजे और सुरक्षा व्यवस्था होती, तो इस तरह की घटना को रोका जा सकता था।स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह पहली बार नहीं है जब बंदरों ने अस्पताल में उत्पात मचाया हो। पहले भी पर्चियां, कागजात और अन्य सामान उठाकर वे परेशानी पैदा कर चुके हैं। अस्पताल परिसर और आसपास का इलाका अब बंदरों का स्थायी ठिकाना बनता जा रहा है, जिससे मरीजों और तीमारदारों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।इस मामले में ईओ नीति त्रिपाठी ने बताया कि वन विभाग को पत्र भेजकर बंदरों को पकड़ने की कार्ययोजना तैयार की जा रही है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके और अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा सके।