
PARDARSHI VIKASH NEWS इटावा: चकरनगर विकासखंड के ग्राम कन्धेसी में नालों की सफाई न होने से बरसात के शुरुआती दौर में ही जलभराव की गंभीर समस्या पैदा हो गई है। गांव की गलियों और मुख्य मार्गों पर पानी भर जाने से ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। गंदे पानी और कीचड़ के कारण लोगों को घरों से निकलने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।ग्रामीणों का कहना है कि नालों में गाद, कूड़ा-कचरा और झाड़ियां जमा होने से पानी की निकासी पूरी तरह बाधित हो गई है। विजयपाल सिंह ने बताया कि लंबे समय से नालों की सफाई नहीं कराई गई, जबकि इस संबंध में कई बार ग्राम पंचायत और अधिकारियों को शिकायत दी जा चुकी है। रामू, कुलदीप, टिन्नू और सर्वेश सहित अन्य ग्रामीणों ने कहा कि समय रहते सफाई होती तो यह स्थिति नहीं बनती।जलभराव के कारण बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। स्कूल जाने वाले बच्चों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है, जबकि मच्छरों के बढ़ते प्रकोप से डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल नालों की सफाई और जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है। वहीं ग्राम पंचायत सचिव दीपक यादव ने बताया कि समस्या की जानकारी मिलने के बाद कर्मचारियों को नालों की सफाई के निर्देश दे दिए गए हैं और जल्द ही सफाई अभियान शुरू कराया जाएगा, ताकि जलभराव की समस्या से ग्रामीणों को राहत मिल सके।