news-details

बंद मकान का ताला तोड़ नकदी व लाखों के जेवर चोरी

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ अजीतमल,औरैया। कस्बा बाबरपुर -अजीतमल के मोहल्ला विद्यानगर में बंद पड़े मकान को चोरों ने निशाना बनाते हुए नकदी और लाखों रुपये के जेवरात पार कर दिए। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।मोहल्ला विद्यानगर निवासी अरविंद सक्सेना पूर्वांचल बैंक से सेवानिवृत्त मैनेजर हैं। उन्होंने बताया कि वह पत्नी प्रीति सक्सेना के साथ 28 जून को अपने बेटे प्रतीक सक्सेना के पास लखनऊ गए थे। रविवार रात करीब साढ़े दस बजे जब दोनों वापस घर पहुंचे और अंदर गए तो पूजा वाले कमरे में उनकी मां सरला सक्सेना की अलमारी खुली मिली और सामान बिखरा पड़ा था। अरविंद सक्सेना के अनुसार उनकी मां इन दिनों अपनी बेटी के यहां कानपुर गई हुई हैं। फोन पर जानकारी देने पर उन्होंने बताया कि अलमारी में करीब 25 हजार रुपये नकद, सोने का एक टॉप्स, करीब डेढ़ किलो चांदी की कंधौनी और छह चांदी के लच्छे रखे थे, जो चोरी हो गए हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के होश उड़ गए। रात में ही कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक रमेश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रभारी निरीक्षक रमेश सिंह ने बताया कि परिवार के लोग घर से बाहर गए हुए थे, उसी दौरान चोरी की वारदात हुई। प्रथम दृष्टया चोरों ने घर के एक ही कमरे को निशाना बनाया है। मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।