
पारदर्शी विकास न्यूज़ हमीरपुर। बेतवा नदी पर निर्माणाधीन सेतु के स्लैब (P-5 से P-6) गिरने की दुखद घटना की जांच के लिए जिला प्रशासन और उत्तर प्रदेश सेतु निगम ने दो उच्च स्तरीय जांच समितियां गठित कर दी हैं। जिलाधिकारी अभिषेक गोयल ने बताया कि मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन की ओर से अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय समिति गठित की गई है, जो घटनास्थल का निरीक्षण कर सभी प्रशासनिक व तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है। वहीं सेतु निगम ने भी तकनीकी विशेषज्ञों की एक अलग समिति बनाई है, जो निर्माण की गुणवत्ता, डिजाइन, सामग्री और सुरक्षा मानकों की समीक्षा करेगी। जरूरत पड़ने पर प्रयोगशाला जांच भी कराई जाएगी।हादसे के संबंध में थाना कुरारा में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। प्रशासन ने मृतक मजदूरों के परिजनों को मुआवजा राशि और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार प्रभावित परिवारों के साथ है और जांच पूरी होने के बाद जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।