
PARDARSHI VIKASH NEWS देवरिया। सीएम योगी ने शुक्रवार को देवरिया में सपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा- इन लोगों ने विकास को बाधित किया। जनता का शोषण किया। चेहरा देखकर योजनाओं का लाभ देते थे। अपने परिवार का पेट भरते थे। लूट मचा रखी थी। आज ऐसा कुछ नहीं है। माफिया मिट्टी में मिल गए। गुंडे पलायन कर गए। जिसने जनता जनार्दन को आंख दिखाने का प्रयास किया, वह अपने आप ही यमराज के घर सिधार गया।उन्होंने कहा कि 2017 से पहले शाम को 6 बजे से पहले बेटियों को घर के अंदर छिपना पड़ता था। व्यापारियों को अपने प्रतिष्ठान बंद करने पड़ते थे, लेकिन आज कोई नहीं कह सकता कि 6 बजे से पहले ही बेटी घर के अंदर दुबक जाए और व्यापारी प्रतिष्ठान बंद कर ले। बेटियां-बहनें नाइट शिफ्ट में उद्योगों में काम करती हैं। जब मर्जी तब अपने घर आ रही हैं। अगर कोई गुंडा छेड़छाड़ का दुस्साहस करता है, तो अगले चौराहे पर यमराज उसका टिकट काटने के लिए बैठे रहते हैं।सीएम योगी ने 655.45 करोड़ की 19 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास किया। इसके साथ ही विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र भी बांटे। सीएम योगी ने कहा कि 2017 के पहले हर जिले में एक माफिया था। त्योहारों के पहले उपद्रव होता था। गरीबों की जमीनों पर कब्जा किया जाता था। किसी भी गरीब को शासन की योजनाओं का लाभ नहीं मिलता था। चेहरा देखकर योजनाएं बांटी जाती थीं। नौजवानों को नौकरी नहीं मिलती थी। अन्नदाता किसान को शासन की योजनाओं का लाभ नहीं मिलता था। न बेटियां सुरक्षित थीं, न ही व्यापारी सुरक्षित।सीएम योगी ने कहा कि आज ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया’ नहीं, बल्कि ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन मेडिकल कॉलेज’ है। यह नए यूपी की पहचान है। आज कोई बेटी की सुरक्षा में सेंध नहीं लगा सकता। कोई व्यापारी से जबरन गुंडा टैक्स नहीं ले सकता। अब हमारा अन्नदाता किसान पलायन नहीं कर रहा है। गन्ना किसानों को प्रति क्विंटल गन्ने का दाम 400 रुपए दिया जा रहा है। उसकी उपज का पूरा दाम उसे मिल रहा है। आज हर गरीब को शासन की योजनाओं का लाभ मिल रहा है। अनुदेशकों और शिक्षामित्रों को कैशलेस स्वास्थ्य की सुविधा दी जा रही है।सीएम योगी ने कहा कि सपा के समय मोहन सिंह सेतु के निर्माण के लिए टोकन मनी के तौर पर बहुत कम धनराशि दी गई। जिस पुल के निर्माण में 100 करोड़ से ज्यादा पैसा खर्च होना था, उसके लिए केवल 1 लाख रुपए दिए गए। हमने ब्रिज कॉरपोरेशन से कहा- हर हाल में सेतु का निर्माण समय से पूरा करने की तैयारी करो, जो पैसा लगेगा, वह वर्तमान सरकार देगी।सीएम ने कहा कि हम मानते हैं कि वर्तमान में पश्चिम एशिया में संकट है। अमेरिका और ईरान के युद्ध के कारण तेल और गैस की आपूर्ति में बाधा आई है। याद करिए, देवरिया वासियों, जब सपा के समय लार में दुर्गा पूजा के जुलूस पर लाठीचार्ज कर उसे बाधित कर दिया गया था। मुझे तब आंदोलन करने के लिए आना पड़ा था।राम जन्मभूमि आंदोलन में राम भक्तों पर लाठियां चली थीं। यानी राम नाम से ही सपा-कांग्रेस को परहेज था। लेकिन अब अयोध्या में डबल इंजन सरकार की ताकत देखिए, भगवान राम का दुनिया का सबसे बड़ा मंदिर बन गया है। यह आपके वोट की ताकत है। अच्छी सरकार आती है और अच्छा कार्य करती है।यह पूर्वजों के उद्धार का कारण बनता है। उनकी आत्मा को सच्ची शांति मिल रही होगी और आपको भी आशीर्वाद मिल रहा होगा कि आपके वोट ने वह कर दिखाया, जो दुनिया में कहीं और नहीं हुआ। आज अयोध्या, काशी और मथुरा-वृंदावन देखने को मिल रहा है।मुख्यमंत्री ने कहा कि आज राम, कृष्ण और बाबा विश्वनाथ से हमारी पहचान बन गई है। इन सभी देवी-देवताओं का आशीर्वाद हमें प्राप्त हो रहा है। हर उत्तर प्रदेशवासी की एक नई पहचान है। सपा के समय यही पहचान क्या होती थी? गुंडे-माफिया के रूप में होती थी। जैसे ही आप यूपी की सीमा छोड़कर जाते थे और अगर कहते थे कि यूपी से हैं, तो सामने वाला व्यक्ति आपसे 10 कदम पीछे हट जाता था।आज आप देश में कहीं भी चले जाइए। अगर कहेंगे कि मैं यूपी से आया हूं, तो सामने वाले के चेहरे पर तुरंत चमक आ जाएगी और ऐसा लगेगा जैसे वह आपको अपने गले से लगा लेगा। यह है नई पहचान। उन लोगों ने पहचान का संकट खड़ा किया। ये लोग जाति के नाम पर विभाजन करने वाले, समाज को तोड़ने वाले और देश के हितों के साथ खिलवाड़ करने वाले थे।