
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। लखनऊ में शुक्रवार से हो रही लगातार बारिश के चलते शनिवार को कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। जिलाधिकारी विशाख जी और नगर आयुक्त गौरव कुमार ने शहर के जलभराव वाले क्षेत्रों का निरीक्षण कर जल निकासी व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों को जरूरत के अनुसार पंप लगाकर पानी निकालने के निर्देश दिए।डीएम ने जनेश्वर मिश्र रेलवे अंडरपास, कठौता झील के पास सपना स्वीट, ग्वारी चौराहा, हुसड़िया चौराहा और हैनीमैन चौराहे का निरीक्षण किया। इसके अलावा हाईकोर्ट-आईजीपी रोड, विजयपुर अंडरपास, इकाना स्टेडियम और टेढ़ी पुलिया क्षेत्र में भी जलभराव की स्थिति देखी। उन्होंने निर्देश दिए कि पानी जमा होने की सूचना मिलते ही तत्काल टीमें और उपकरण मौके पर पहुंचाए जाएं।नगर आयुक्त ने बताया कि गोमती नगर, खदरा और जानकीपुरम के पंपिंग स्टेशन 24 घंटे पूरी क्षमता से काम कर रहे हैं। नगर निगम की टीमें लगातार जल निकासी में जुटी हैं।निरीक्षण के बाद डीएम ने स्मार्ट सिटी कंट्रोल रूम पहुंचकर पंपिंग स्टेशनों की लाइव निगरानी की। उन्होंने तकनीकी खराबी आने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। ग्रामीण क्षेत्रों में भी अधिकारियों को जलभराव की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने को कहा गया।