
PARDARSHI VIKASH NEWS प्रयागराज के सलोरी क्षेत्र स्थित काटजू बाग कॉलोनी में सड़क किनारे लगा एक बिजली का खंभा खतरनाक स्थिति में पहुंच गया है। बहादुर चाय की दुकान चौराहे के पास स्थित यह खंभा लगातार बारिश और मिट्टी कटान के कारण अपनी नींव खो बैठा है, जिससे स्थानीय लोगों में दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।स्थानीय निवासियों के अनुसार, दो दिन पहले आई आंधी और बारिश के बाद खंभे के नीचे की मिट्टी बह गई, जिससे वह एक ओर झुक गया। फिलहाल खंभे को अस्थायी रूप से दो बल्लियों के सहारे टिकाया गया है, लेकिन लोगों का कहना है कि यह व्यवस्था पूरी तरह सुरक्षित नहीं है और कभी भी ढह सकती है।रहवासियों का आरोप है कि मामले की जानकारी कई बार संबंधित विभागों को दी गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। यह मार्ग रोजाना बड़ी संख्या में राहगीरों, स्कूली बच्चों और स्थानीय लोगों द्वारा इस्तेमाल किया जाता है, जिससे खतरा और बढ़ गया है।मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तेज आंधी और बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में खंभे के गिरने का जोखिम बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग और नगर निगम से तत्काल कार्रवाई कर खंभे को सुरक्षित तरीके से दोबारा स्थापित करने की मांग की है, ताकि किसी संभावित हादसे को टाला जा सके।