news-details

बारिश से गोंडा मेडिकल कॉलेज में जलभराव, मरीज परेशान

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS बीती रात हुई भारी बारिश के बाद गोंडा मेडिकल कॉलेज परिसर में जलभराव की गंभीर समस्या सामने आई। झंझरी विकासखंड स्थित मेडिकल कॉलेज के क्षेत्रीय निदान केंद्र और मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय के बाहर की सड़कें पानी से लबालब भर गईं, जिससे पूरा परिसर तालाब जैसा नजर आने लगा। जलभराव के कारण दूर-दराज से इलाज कराने पहुंचे मरीजों और उनके तीमारदारों को अस्पताल आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बरसात के मौसम में हर साल यह समस्या सामने आती है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका है। पिछले वर्ष स्वास्थ्य विभाग की टीम ने निरीक्षण कर जल निकासी की व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए थे, लेकिन एक साल बाद भी हालात नहीं बदले। अस्पताल परिसर में पानी भरने से मरीजों को कीचड़ और गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ा। मामले पर एडिशनल सीएमओ डॉ. जय गोविंद ने कहा कि बारिश के दौरान जलभराव की समस्या बनी रहती है। उन्होंने बताया कि नगर पालिका से संपर्क कर जल्द जल निकासी की व्यवस्था कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को राहत मिल सके।