
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। जिले में शनिवार को भी बारिश का सिलसिला जारी रहा। तेज हवाओं के चलते कई स्थानों पर पेड़ गिर गए, कच्चे मकानों के ढहने और बिजली व्यवस्था प्रभावित होने की घटनाएं सामने आईं। लगातार बारिश से लोगों की दिनचर्या और घरेलू कामकाज प्रभावित हो रहे हैं।खेतों में पानी भरने और तेज हवाओं से तैयार हो रही धान की फसल गिरने से किसानों को नुकसान की आशंका है। खराब मौसम में पशुओं के चारे और पानी की व्यवस्था भी मुश्किल हो गई है। बारिश के चलते स्वच्छता अभियान भी प्रभावित हुआ है।मौसम विभाग के अलर्ट के बीच जिला प्रशासन ने लोगों से गरज-चमक के दौरान घरों में रहने, पेड़ों के नीचे शरण न लेने और बिजली के खंभों व खुले तारों से दूर रहने की अपील की है। आकाशीय बिजली से बचाव के लिए दामिनी ऐप का इस्तेमाल करने और पशुओं को सुरक्षित स्थान पर रखने की सलाह दी गई है।