
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। लगातार हो रही बारिश ने शहर की सड़कों की हालत खराब कर दी है। कई इलाकों में सड़कें धंसने और बड़े-बड़े गड्ढे होने से हादसों का खतरा बढ़ गया है। काकादेव, अशोक नगर, मोतीझील, बाकरगंज और सेंट फ्रांसिस स्कूल के आसपास सड़क धंसने से लोगों को रोजाना जाम और परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के कारण गड्ढों में पानी भर जा रहा है, जिससे दोपहिया वाहन चालक फिसलकर गिर रहे हैं। सबसे ज्यादा दिक्कत मरीजों, स्कूली बच्चों और रोजाना सफर करने वाले लोगों को हो रही है।शहर में ब्रिटिशकालीन डॉट नालों की खराब स्थिति भी सड़क धंसने की बड़ी वजह बन रही है। कई स्थानों पर जांच के बाद सामने आया है कि पुराने नाले क्षतिग्रस्त होने के कारण सड़कें कमजोर हो रही हैं। नगर निगम और जलकल विभाग की टीमें कारणों की जांच और मरम्मत में जुटी हैं, लेकिन काम की धीमी गति लोगों की परेशानी बढ़ा रही है।बाकरगंज, मोतीझील, अशोक नगर और अन्य क्षेत्रों में कई दिनों से सड़कें बैरिकेडिंग के सहारे बंद हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि मरम्मत कार्य जल्द पूरा नहीं होने से जाम की समस्या लगातार बनी हुई है।काकादेव स्थित अस्पताल के सामने बने गड्ढे मरीजों और राहगीरों के लिए खतरा बने हुए हैं। वहीं स्कूलों के आसपास सड़क धंसने से छुट्टी के समय यातायात व्यवस्था बिगड़ रही है।शहरवासियों की मांग है कि बारिश के मौसम में सड़क धंसने और जलभराव जैसी समस्याओं से निपटने के लिए स्थायी समाधान किया जाए, ताकि लोगों को रोजाना की परेशानी से राहत मिल सके।
कुछ जगहों पर सड़क धंसने का मामला डॉट नालों की वजह से भी आया है। इसमें IT दिल्ली से इसकी एक रिपोर्ट बनवाई जा रही है कि किस टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करके इन डॉट नालों की मरम्मत करा सकें और उसमें कितना खर्चा आएगा, इस पर भी आगे की कार्रवाई हो रही है।- अर्पित उपाध्याय,नगर आयुक्त