news-details

बारिश में एक्शन मोड में नगर निगम

You can share this post!

महापौर और नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण

pardarshi vikas news kanpur  शहर में लगातार हो रही बारिश के बीच जलभराव और नाला सफाई को लेकर नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार को महापौर प्रमिला पांडेय और नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने अलग-अलग क्षेत्रों का निरीक्षण कर जल निकासी व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान नालों पर अतिक्रमण, सफाई में लापरवाही और जलभराव के कारणों पर अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए।महापौर प्रमिला पांडेय ने सर्वोदय नगर और फजलगंज वार्ड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर नालों के ऊपर अतिक्रमण मिला, जबकि अभिलेखों में उनकी सफाई पूरी दर्शाई गई थी। इस पर उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए तत्काल अतिक्रमण हटाने और नालों की प्रभावी सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद नगर निगम की टीम ने दोनों क्षेत्रों में अभियान चलाकर नालियों और नालों पर बने अस्थायी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी।क्षेत्रीय पार्षद नीरज बाजपेई ने बताया कि जेके मंदिर क्षेत्र में भी नालों पर अतिक्रमण के कारण जल निकासी प्रभावित हो रही थी। महापौर ने मौके पर ही अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए ताकि बरसात के दौरान जलभराव की समस्या से राहत मिल सके।वहीं नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने परमट सम्पवेल, परमट मंदिर और आसपास के जलभराव वाले क्षेत्रों का निरीक्षण किया। जांच में सामने आया कि नाला टैपिंग स्थल पर फ्लोटिंग कचरा जमा होने और पाइपलाइन निर्माण के दौरान बनाई गई अस्थायी दीवार से पानी का प्रवाह बाधित हो रहा था, जिससे बैकफ्लो की स्थिति बनी। अधिकारियों ने बताया कि अवरोध हटाकर जल निकासी व्यवस्था को सामान्य करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।नगर आयुक्त ने नाला टैपिंग स्थल और गेट वाल्व पर 24 घंटे कर्मचारियों की तैनाती, स्क्रीन पर जमा कचरे की नियमित सफाई, गलीपिट की मरम्मत और घाट क्षेत्र से दो दिन के भीतर निर्माण मलबा हटाने के निर्देश दिए। साथ ही परमट मंदिर के वैकल्पिक मार्ग का प्रस्ताव तैयार करने को भी कहा।निरीक्षण के दौरान परमट मंदिर परिसर और घाट क्षेत्र में गंदगी मिलने पर नगर आयुक्त ने सफाई व्यवस्था में लापरवाही मानते हुए सफाई नायक समेत छह आउटसोर्स सफाई कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बरसात के दौरान जल निकासी और सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा शहरवासियों को जलभराव से राहत दिलाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।