
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। भेंटुआ के सरुवांवा गांव में बारिश के दौरान कच्चा मकान ढहने से मजदूर राम अक्षयवर मौर्य का परिवार बेघर होने की स्थिति में पहुंच गया। राम अक्षयवर पत्नी गुड़िया और चार बच्चों पिहू, अर्पिता, कार्तिक व सात माह की काव्या के साथ टिन-फूस के अस्थायी छप्पर में रहने को मजबूर हैं।परिवार के अनुसार करीब आठ वर्ष पहले बंटवारे में मिला कच्चा खपरैल का कमरा करीब सात दिन पहले बारिश में ढह गया। परिवार के पास सुरक्षित पक्का मकान नहीं है। उन्होंने राशन और उज्ज्वला गैस कनेक्शन नहीं मिलने की बात भी कही है।बताया गया कि करीब आठ माह पहले प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत सर्वे हुआ था। ग्राम पंचायत सचिव जया पटेल ने बताया कि गुड़िया का नाम आवास योजना की सूची में शामिल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से परिवार को जल्द सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।:::