
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। जिले में पिछले एक सप्ताह से जारी गर्मी और उमस से लोगों को राहत नहीं मिल रही है। रविवार सुबह हुई बारिश के बाद भी तापमान और गर्मी के असर में कोई खास कमी नहीं आई। लोग गर्मी से बचने के लिए पंखा, कूलर और एसी का सहारा ले रहे हैं।ग्रामीण क्षेत्रों में लोग पेड़ों की छांव में बैठकर गर्मी से बचने का प्रयास कर रहे हैं। वहीं ठंडे पानी और पेय पदार्थों की मांग बढ़ गई है। बाजारों में ठंडे पानी की बिक्री भी बढ़ी है।ग्रामीणों ने बिजली कटौती को लेकर भी नाराजगी जताई। लोगों का कहना है कि रात के समय कई घंटे बिजली नहीं आने से परेशानी बढ़ रही है। कई परिवार हाथ के पंखों के सहारे रात गुजारने को मजबूर हैं।धान की रोपाई का समय शुरू हो चुका है, लेकिन बिजली संकट के कारण किसानों को खेतों में सिंचाई करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बिजली आपूर्ति सुधारने की मांग की है।