
PARDARSHI VIKASH NEWS अयोध्या जिले में बारिश और उमसभरी गर्मी के बीच सर्पदंश की घटनाओं में तेजी देखने को मिल रही है। बीते कुछ दिनों में जिले और आसपास के क्षेत्रों से सांप के काटने के सात मामले सामने आए हैं। इनमें पांच मरीजों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है, जबकि दो गंभीर मरीजों को बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।इनायतनगर थाना क्षेत्र के आस्तिकान गांव निवासी 22 वर्षीय अनीता को घर में काम करते समय सांप ने डंस लिया। वहीं जोरियम गांव निवासी 19 वर्षीय राज खेत की मेड़ पर चलते समय सर्पदंश का शिकार हो गए। दोनों का अस्पताल में उपचार जारी है।सुल्तानपुर जिले के बल्दीराय थाना क्षेत्र के आसीपुर गांव निवासी 32 वर्षीय नीलम और ऐंजर गांव निवासी 60 वर्षीय रामनाथ यादव को भी सांप ने काट लिया। रामनाथ यादव को शौच के लिए जाते समय पैर में सांप ने डंस लिया था। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत फिलहाल स्थिर है।सबसे गंभीर मामला सुल्तानपुर के सिंघानी गांव निवासी 32 वर्षीय पूजा का है, जिन्हें रसल वाइपर प्रजाति के जहरीले सांप ने काट लिया। परिजनों ने सांप की तस्वीर डॉक्टरों को दिखाई, जिससे उसकी पहचान हो सकी। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। इसके अलावा जोरियम गांव निवासी 19 वर्षीय प्रियंका की हालत भी गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। हलियापुर थाना क्षेत्र के उमरा निवासी 55 वर्षीय राम अभिलाष का भी अस्पताल में इलाज चल रहा है।चिकित्सकों ने लोगों से अपील की है कि बारिश के मौसम में सांपों के बिलों से बाहर निकलने की संभावना बढ़ जाती है। ऐसे में सर्पदंश होने पर झाड़-फूंक या अंधविश्वास का सहारा लेने के बजाय तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचें, क्योंकि समय पर इलाज मिलने से अधिकांश मरीजों की जान बचाई जा सकती है।