
पारदर्शी विकास न्यूज़ बांदा। बिहार के भोजपुर जिले के समाजसेवी भरत तिवारी की कथित पुलिस हिरासत में मौत के मामले को लेकर ब्राह्मण महासभा/धर्म सभा एवं विद्वत्समाज उत्तर प्रदेश संगठन ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया।प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा। संगठन ने मामले की निष्पक्ष जांच, दोषी पुलिसकर्मियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये मुआवजा देने की मांग की।महासभा के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि भरत तिवारी बाढ़ पीड़ितों की समस्याओं को लेकर आवाज उठा रहे थे और पुलिस हिरासत में उनके साथ बर्बरता की गई। उन्होंने बिहार सरकार पर भी सवाल उठाते हुए कार्रवाई की मांग की।संगठन ने चेतावनी दी कि यदि पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला तो आंदोलन को प्रदेश और देश स्तर पर आगे बढ़ाया जाएगा। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में समाज के लोग और संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।