
Pardarshi Vikas News Lucknow
बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव में गुरुवार को जोरदार मतदान हुआ। कैसरबाग स्थित बार परिसर में सुबह से ही अधिवक्ताओं की भीड़ उमड़ी और 3700 से अधिक वकीलों ने मतदान में हिस्सा लिया। इस बार 22 पदों के लिए कुल 116 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिससे मुकाबला बेहद रोचक माना जा रहा है।
चुनाव की सबसे खास बात यह रही कि पहली बार महिला आरक्षण लागू किया गया है। कोषाध्यक्ष सहित सात पद महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए हैं। वरिष्ठ और कनिष्ठ कार्यकारिणी की सीटों में भी महिलाओं को प्रतिनिधित्व दिया गया है। इसे लेकर महिला अधिवक्ताओं में उत्साह देखने को मिला।
अध्यक्ष पद पर पूर्व अध्यक्ष जीएन शुक्ला उर्फ चच्चू, परशुराम मिश्रा, राजेंद्र कुमार शर्मा, रवींद्रनाथ पांडे और सुरेश पांडे के बीच कड़ा मुकाबला है। वहीं महामंत्री पद पर आदर्श मिश्रा, जितेंद्र सिंह यादव, कामिनी ओझा, कुलदीप वर्मा और मारुत शर्मा अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
मतदान के दौरान कई अधिवक्ताओं ने कहा कि इस बार प्रैक्टिस करने वाले वकीलों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। कुछ वकीलों ने आरोप लगाया कि बिना नियमित प्रैक्टिस वाले लोग भी चुनाव मैदान में हैं। वहीं कई अधिवक्ताओं ने इसे बदलाव का चुनाव बताया।
दोपहर 3 बजे तक करीब 70 प्रतिशत मतदान होने की जानकारी सामने आई। चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए परिसर में पुलिस और पीएसी तैनात रही। एल्डर कमेटी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि मतदान स्थल पर कोई भी प्रत्याशी या समर्थक हथियार लेकर प्रवेश नहीं करेगा।
बार चुनाव में महिला आरक्षण लागू होने से पारदर्शिता और प्रतिनिधित्व बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है। परिणाम को लेकर अधिवक्ताओं में उत्सुकता बनी हुई है।